गोभी मटर मसाला कैसे बनायें


गोभी मटर मसाला सामग्री:






• फूल गोभी - 1 मीडियम आकार का (400 ग्राम)
• हरी मटर के दाने - 1 कप
• टमाटर - 2 -3
• हरी मिर्च - 1-2
• अदरक - आधा इंच लम्बा टुकड़ा
• मूंगफली के दाने - एक टेबल स्पून
• तेल - 1-2 टेबल स्पून
• हींग - 1 पिंच (यदि आप चाहें)
• जीरा - एक चौथाई छोटी चम्मच
• हल्दी पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
• धनियां पाउडर - 1 1/2 छोटी चम्मच
• नमक - स्वादानुसार (3/4 छोटी चम्मच से कम)
• चीनी - आधा छोटी चम्मच
• लाल मिर्च - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
• गरम मसाला - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
• हरा धनियां - एक टेबल स्पून (बारीक कतरा हुआ)





गोभी मटर मसाला बनाने की विधि:






• सबसे पहले गोभी को बडे़-बडे़ टुकडों में काट लें. गुनगुने पानी में थोडा़ सा नमक डाल कर मिला लें. इस पानी में गोभी के टुकडे़ डाल कर 10 मिनट के लिए डुबो दें. 10 मिनट बाद इन्हें नमक वाले पानी से निकाल कर साफ़ पानी से अच्छे से धो लें. इसी तरह मटर को भी 1-2 बार पानी में डुबाते हुए अच्छे से धो लें.
• टमाटर को धो कर बडे़-बडे़ टुकडों में काट लें. अदरक को छील कर धो लें और काट लें. मिर्च के डंठल हटा कर इन्हें भी धो लें. अब इन तीनों को छिली हुई मूंगफ़ली के साथ मिक्सी में डाल कर बारीक पीस लें.





• एक कढा़ई में तेल गरम करके इसमें हींग और जीरा डाल कर तड़काएं. हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर डालें. फिर टमाटर का पिसा हुआ मसाला डाल कर भूनें. इस मसाले को तब तक चलाते हुए भूनें जब तक तेल मसाले के उपर ना तैरने लगे.





• जब मसाला अच्छे से भुन जाए तो इसमें गोभी और मटर डाल कर अच्छे से मिला दें. इन्हें 2 मिनट भून कर आधा कप पानी डाल कर मिलाएं. नमक और लाल मिर्च भी डाल लें. सब्ज़ी को ढक दें और 6-7 मिनट तक धीमी आंच पर ही पकने दें. सब्ज़ी को चैक करें, अगर लगे कि अभी ये हल्की कच्ची है तो इसे एक बार चला कर फिर से ढक कर 2-3 मिनट पका लें. अगर आपको पानी कम लगे तो 1-2 चम्मच पानी भी डाल सकते हैं.





• निश्चित समय के बाद चैक करें. हमें सब्ज़ी को ज़्यादा गलाना नहीं है. गोभी मटर मसाला तैयार है. इसमें गरम मसाला और हरा धनिया डाल कर मिला लें.





• सब्ज़ी को जल्दी बनाएं:
• सब्ज़ी को जल्दी बनाने के लिए गैस के दोनों चूल्हों का इस्तेमाल करना होगा. एक बर्तन में गोभी, मटर में नमक मिला कर इतना पानी लें कि सब्ज़ियां डूब जाएं. लेकिन पानी बहुत ज़्यादा भी ना हो. सब्ज़ियां बस डूब जानी चाहिएं. इन्हें एक चूल्हे पर पकने के लिए रख दें.





• दूसरे चूल्हे पर एक कढा़ई में तेल गरम करके हींग, जीरा तड़का लें. फिर हल्दी और धनिया पाउडर डाल कर टमाटर वाला मसाला डालें और तेल छोड़ने तक भून लें. मटर गोभी को चैक कर लें. अगर ये नरम हो गये हैं तो ये पक गये हैं. हमें इन्हें ज़्यादा गलाना नहीं है. गोभी और मटर को पानी के साथ ही तैयार किए मसाले में डाल लें और लाल मिर्च, गरम मसाला, चीनी और आधा हरा धनिया भी डाल कर मिला लें. इसे अब 2-3 मिनट तक पका लें. ये सब्जी 10-15 मिनट में ही तैयार हो जाएगी.





• स्वादिष्ट गोभी मटर मसाला को किसी बाउल में निकाल लें. इसे हरा धनिया डाल कर सजाएं और नान, चपाती, परांठे या चावल के साथ इसे मज़े से खाएं.


टिप्पणियाँ